दोनों प्रत्याशियों ने किया शक्ति प्रदर्शन, जनसभा को किया संबोधित
गिरिडीह। विधानसभा चुनाव के चौथे चरण के मतदान को लेकर जारी नामांकन के सातवें दिन गुरुवार को गिरिडीह, गांडेय व जमुआ विस के विभिन्न प्रत्याशियों ने अपने अपने निर्वाची पदाधिकारी के कार्यालय में नामांकन का पर्चा दाखिल किया। इस दौरान गिरिडीह के वर्तमान विधायक निर्भय शाहाबादी व गांडेय के वर्तमान विधायक प्रो0 जयप्रकाश वर्मा ने समाहरणालय पहुंचकर अपना नामांकन किया। नामांकन के पूर्व दोनों भाजपा प्रत्याशियों ने शहर में रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। साथ ही झंडा मैदान में आयोजित जनसभा को भी संबोधित किया।
अपने अपने निर्वाची पदाधिकारी के समक्ष किया नामांकन
गिरिडीह के भाजपा विधायक निर्भय शाहाबादी ने निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी राजेश प्रजापति के कार्यालय पहुंचकर दो सेट में अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया। इस दौरान उनके साथ प्रस्तावक के रूप में नगर निगम के पार्षद सुमित कुमार और रंजीत सिन्हा बबलू मौजूद थे। वहीं समर्थक के रूप में उपमहापौर प्रकाश सेठ उपस्थित थे। वही गांडेय के भाजपा विधायक प्रो0 जयप्रकाश वर्मा ने निर्वाची पदाधिकारी सह जिला आपूर्ति पदाधिकारी पवन कुमार मंडल के कार्यालय में दो सेट में अपना नामांकन का पर्चा दाखिल किया। नामांकन के दौरान उनके साथ प्रस्तावक के रूप में बेंगाबाद प्रमुख रामप्रसाद यादव व बासुदेव नारायण सिंह मौजूद थे। वहीं प्रो0 वर्मा के समर्थक के रूप में कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी मौजूद थी।
सीधी नजर देखें सिटी केबल के 277 नम्बर और हमारे youtube चैनल पर
ख़बरों से अपडेट रहने के लिए जुड़े हमारे व्हाट्सएप ग्रुप एवं फेसबुक पेज से….